ऑनलाइन नशे का कारोबार करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा

ऑपरेशन प्रहार: गाजियाबाद पुलिस ने 13 लाख रुपये और विदेशी गांजा बरामद किया

गाजियाबाद।
 नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में ऑनलाइन माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विदेशी गांजा, कोकीन और 13 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। 
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के नेतृत्व में मंगलवार को स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना विजयनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संतोष मेडिकल सर्विस रोड, सेक्टर-12 प्रताप विहार, थाना विजयनगर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौस्तुभ उर्फ कार्तिक मिश्रा पुत्र राहुल मिश्रा निवासी नागेश्वर कॉलोनी, ईस्ट बोरिंग कैनाल रोड, थाना बुद्धा कॉलोनी, पटना (बिहार), उम्र करीब 34 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 894 ग्राम विदेशी गांजा, 2 ग्राम अवैध कोकीन 13 लाख रुपये नकद बरामद किया 
ऑनलाइन ऑर्डर लेकर करते थे नशीले पदार्थों की सप्लाई:
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करता था। आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों के व्हाट्सऐप ग्रुपों में जुड़कर छात्रों को नशीले पदार्थों का प्रचार करते थे और ऑनलाइन ऑर्डर लेकर सप्लाई करते थे। ग्राहक यूपीआई के माध्यम से भुगतान करते थे और इसके बाद ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए बताए गए पते पर मादक पदार्थ पहुंचाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी बिहार से गांजा, एमडीएमए, चरस, स्मैक और कोकीन जैसे नशीले पदार्थ लाकर अपने साथियों के साथ मिलकर बेचता था। 
गिरोह के कई सदस्य पहले ही हो चुके गिरफ्तार:
पूछताछ में आरोपी कौस्तुभ ने बताया कि उसके गिरोह में शिवम मिश्रा, दीपक, सूरज, अभिषेक, तनिष्क, इमरान, दीपक, शिवम और बोबी समेत कई लोग शामिल हैं। इनमें से कुछ आरोपियों को स्वाट टीम अपराध शाखा गाजियाबाद और नोएडा पुलिस द्वारा पहले ही मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपी ने बताया कि उसके कुछ साथियों के जेल जाने के बाद नशीले पदार्थों की काफी डिमांड पेंडिंग थी, जिसकी सप्लाई करने के लिए वह बिहार से मादक पदार्थ लेकर गाजियाबाद और नोएडा आया था। आरोपी कौस्तुभ मिश्रा थाना नॉलेज पार्क, जनपद गौतमबुद्ध नगर में दर्ज मुकदमा संख्या-177/2026, धारा 8/18/20/21 एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी था। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने