महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन का सेवा शिविर मे एम्बुलेंस एवं चिकित्सा सेवा शुरू

मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने रिबन काटकर चिकित्सा सेवाओं का किया शुभारंभ, भोले के जयकारों से गूंजा वजीराबाद रोड

गाजियाबाद।
वार्ड-37, शालीमार गार्डन स्थित वजीराबाद रोड पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समीप महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन द्वारा लगाए गए भव्य कांवड़ सेवा शिविर में एंबुलेंस एवं चिकित्सा सेवाओं का शुभारंभ स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रिबन काटकर किया। शिविर के उद्घाटन अवसर पर पूरा क्षेत्र "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, कांवड़ यात्री, समाजसेवी और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। 
शिविर में कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्राम, शुद्ध पेयजल, जलपान, भोजन, चिकित्सा सुविधा, डॉक्टरों की उपलब्धता, निशुल्क एंबुलेंस सेवा, सुंदर धार्मिक झांकियों सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। लंबी दूरी तय कर आने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। 
नरेंद्र कश्यप ने कहा-कांवड़ियों की सेवा पुण्य का कार्य :  
शिविर के उद्घाटन अवसर पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। देशभर से लाखों शिवभक्त भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना अत्यंत पुण्य और समाजसेवा का कार्य है।  उन्होंने महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए इस प्रकार का शिविर लगाया जाना सराहनीय पहल है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग, समर्पण और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं। मंत्री ने कश्यप समाज का आभार व्यक्त करते हुए पूर्व डिप्टी मेयर सरदार सिंह भाटी और स्थानीय पार्षद रवि भाटी का भी कांवड़ सेवा शिविर में सहयोग के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास से कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 
नगर निगम की ओर से भी की गई व्यवस्थाएं: 
स्थानीय पार्षद रवि भाटी ने कहा कि समिति के पदाधिकारी और क्षेत्रवासी पूरी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री की सेवा कर रहे हैं। समिति के कार्यकर्ता दिन-रात शिवभक्तों की सुविधा और सहायता के लिए तत्पर हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से भी शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई, फॉगिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए निशुल्क एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था पूर्व डिप्टी मेयर सरदार सिंह भाटी के सहयोग से की गई है। चिकित्सा सुविधा के लिए डॉक्टरों और स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कांवड़ियों को तत्काल उपचार मिल सके। 
दस वर्षों से लगातार कर रहे कांवड़ियों की सेवा: समिति के अध्यक्ष रामबीर कश्यप ने बताया कि महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन पिछले 10 वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा का अभियान चला रहा है। संगठन का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी हरसंभव सहायता करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, जलपान, पेयजल, विश्राम और चिकित्सा समेत आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समिति के कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। 
बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और शिवभक्त रहे मौजूद: शिविर के शुभारंभ अवसर पर पूर्व डिप्टी मेयर सरदार सिंह भाटी, स्थानीय पार्षद रवि भाटी, पार्षद कालीचरण पहलवान, समिति अध्यक्ष रामबीर कश्यप, अंकित गिरी, भोपाल यादव, डॉक्टर प्रीति, डॉ. गुलशाद, कलराम कश्यप, डालचंद्र कश्यप, प्रमोद चौधरी, एस.के. शर्मा, दीपक मिश्रा, सोनू चौधरी, अनुज सिंह, समीर चौधरी, वीरपाल कटारिया, बबली चौहान, अक्षय त्यागी, वीरेश गोस्वामी, पूजा भारद्वाज, सुमित एडवोकेट, रामलाल उपाध्याय, शालू सिंह, सविता भड़ाना, बबिता सोलंकी, अनिल चौहान, नरेंद्र बघेल, राजू दास, अनु पाहवा, सोमदत्त शर्मा, अवधेश ठाकुर, गुप्ता जी, कैलाश भट्ट, मोनू सेंगर, विकास पंडित सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, डॉक्टर प्रीति के समस्त स्टाफ, बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और शिवभक्त उपस्थित रहे। 
शिविर में पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रियों की सेवा का सिलसिला जारी रहा। समिति के कार्यकर्ताओं ने शिवभक्तों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में शिविर की चिकित्सा एवं एंबुलेंस सेवा का लाभ लें।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने