सिक्योरिटी गार्ड बोला-चोरी के इरादे से बिल्डिंग में घुसे थे युवक, रोकने पर भी नहीं माने
गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सिक्योरिटी गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से चली गोली लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने दो साथियों के साथ पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार अर्थला निवासी समीर पुत्र नबी अहमद रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपने दो साथियों के साथ पार्श्वनाथ बिल्डिंग पहुंचा था। वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने तीनों युवकों को अंदर जाने से रोका। आरोप है कि मना करने के बावजूद युवक परिसर के भीतर जाने लगे। बताया गया कि परिसर में लोहे का सरिया और अन्य सामान रखा हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली समीर के सीने के पास लग गई, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गार्ड का कहना है कि युवक चोरी के इरादे से परिसर में घुसे थे और उन्हें तीन बार मना किया गया था। इसके बावजूद नहीं मानने पर उसने हवाई फायर किया, जिसके दौरान एक युवक को गोली लग गई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि युवक को सीधे गोली लगी है या फायरिंग के दौरान किसी अन्य कारण से छर्रा लगा। आरोपी गार्ड मूल रूप से कासगंज के सोरों का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।थाना साहिबाबाद क्षेत्र में हिंडन पुल चौकी के अंतर्गत अर्थला क्षेत्र में स्थित अर्धनिर्मित पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में गोली चलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। पुलिस द्वारा तत्काल इसका संज्ञान लेते हुए घटनास्थल पर जाकर इसकी जांच की गई तो पता चला कि वहाँ पर तैनात सिक्योरिटी… pic.twitter.com/ba0bXXzqRk
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) August 9, 2026
Tags
गाजियाबाद