नाले के गंदे पानी में केले धोने का वीडियो वायरल, पुलिस ने बिक्री के आरोपों से किया इनकार

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था लोनी इलाके का वीडियो, लोग कर रहे थे जांच की मांग

गाजियाबाद।
लोनी थाना क्षेत्र की प्रशांत विहार कॉलोनी के पास मालवाहक वाहन से केले उतारने के दौरान नाले के दूषित पानी में केले धोने का करीब 10 सेकेंड का एक वीडियो गुरुवार को तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी थी कि नाले के गंदे पानी में धोए गए केले बाद में गोदाम में स्टोर कर बाजार में बेच दिए जाते हैं, जो सीधे तौर पर स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। इसके साथ ही आवासीय क्षेत्र में संचालित कोल्ड स्टोरेज की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग को भी पूरे प्रकरण की जांच के लिए पत्र भेजा गया। 
एसीपी ने बताया जांच में क्या आया सामने:  लोनी के एसीपी रामकिशन ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत दोनों पुलिस के संज्ञान में हैं। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त को सूचना मिली थी कि एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति केले को नाले के गंदे पानी में धोकर बिक्री के लिए रख रहा है। इसके बाद मामले की जांच थाना लोनी प्रभारी को सौंपी गई। 
एसीपी के मुताबिक जांच में सामने आया कि गीतांजलि विहार कॉलोनी में सादिक नामक व्यक्ति का एक कोल्ड स्टोर है, जो बाहर से ट्रक के माध्यम से केले मंगाकर उनकी बिक्री करता है। पुलिस के अनुसार ट्रक से केले उतारते समय पांच कैरेट से लदा एक ठेला अचानक पलट गया था, जिससे केले नाले में गिर गए। इसके बाद उन केलों को बाहर निकलवाकर कोल्ड स्टोर के पीछे स्थित खाली मैदान में फेंकवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि इन केलों का बिक्री के लिए उपयोग नहीं किया गया।
मौके का वीडियो भी उपलब्ध: एसीपी रामकिशन ने बताया कि जांच के दौरान मौके का वीडियो भी उपलब्ध हुआ है, जिसमें कथित रूप से नाले में गिरे केले अलग कर फेंकते हुए दिखाया गया है। पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य पदार्थों से जुड़े ऐसे मामलों में निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि लोगों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने