जीएसटी संवाद शिविर में व्यापारियों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिए समाधान
गाजियाबाद। राज्य कर विभाग द्वारा शुक्रवार को राजनगर एक्सटेंशन स्थित कृष्णा एन्क्लेव में जीएसटी व्यापारी संवाद एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लघु उद्योग व्यापार मंडल, रियल एस्टेट तथा वर्क कॉन्ट्रैक्टर वर्ग के व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर जीएसटी से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।कार्यक्रम के दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जीएसटी के विभिन्न प्रावधानों, कर अनुपालन, समय पर रिटर्न दाखिल करने, कर भुगतान और विभागीय प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने व्यापारियों से नियमों के अनुरूप कर संबंधी दायित्वों का समयबद्ध पालन करने का आह्वान किया।
व्यापारियों ने सुझाव दिया कि जनपद स्तर पर एक समन्वित फोरम का गठन किया जाए, जिसमें व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल हों। उनका कहना था कि इस फोरम की नियमित बैठकें होने से व्यापारियों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का एक ही मंच पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
शिविर में लघु उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष भीम त्यागी, उपाध्यक्ष अजय कुमार लोधी, मीडिया प्रभारी बॉबी गिरी तथा सिहानी रोड लघु उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त राज्य कर खंड-05 अभिषेक सिंह, सहायक आयुक्त पंकज सिंह, सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-04 अमित सिंह, उपायुक्त राज्य कर खंड-07 बृजेश सिंह, सहायक आयुक्त रमेश कुमार तथा राज्य कर अधिकारी रवि पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने विभाग और व्यापारियों के बीच नियमित संवाद एवं बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
Tags
गाजियाबाद

