भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा मंदिर परिसर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
साहिबाबाद। बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को श्याम पार्क एक्सटेंशन स्थित जिंदल मार्केट के प्राचीन शिव मंदिर में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।आयोजकों के अनुसार, नाग पंचमी के बाद आने वाले मंगलवार को बुढ़वा मंगल के रूप में मनाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसी धार्मिक परंपरा के तहत प्राचीन शिव मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पाठ में सहभागिता की। कार्यक्रम में रामायण कथा व्यास श्री उमेश द्विवेदी एवं पंडित विनोदाचार्य त्रिपाठी ने धार्मिक आयोजन में अपनी भूमिका निभाई। इस दौरान रमाकांत पांडे, डॉ. दिनेश पांडे, तिलक राम पांडे, ऋषिदेव मिश्रा, रवि वाधवानी, शशिकांत शुक्ला, राकेश मिश्रा, रमेश तिवारी, विनोद मिश्रा, नित्यानंद उपाध्याय, केके दुबे, राजेश शर्मा, सुरेंद्र भारती और भारत त्यागी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गायिका उर्वशी चौहान और ईशा सक्सेना ने भक्ति गीत एवं सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कांति पांडे, नितिन पांडे, एसपी सिंह, कुसुम सिंह और विवेक पांडे समेत सैकड़ों लोगों ने सुंदरकांड पाठ में भाग लिया। सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
Tags
गाजियाबाद