अर्थला में ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर 5 साल की बच्ची की मौत

मां के साथ स्कूल जा रही थी मासूम, फरार चालक की तलाश तेज

गाजियाबाद।
 अर्थला क्षेत्र के बालाजी विहार में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपनी मां के साथ स्कूल जा रही थी। इसी दौरान ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और बच्ची उसके नीचे दब गई। हादसे में उसकी मां भी घायल हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। 
मां के साथ स्कूल जा रही थी बच्ची: जानकारी के अनुसार, न्यू हिंडन विहार निवासी मोहसिन की ससुराल अर्थला के बालाजी विहार में है। उनकी पांच वर्षीय बेटी इनाया नानी के घर रहकर एक निजी स्कूल में एलकेजी की पढ़ाई कर रही थी। शनिवार को इनाया अपनी मां के साथ स्कूल जा रही थी। इसी दौरान ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रॉली का एक पहिया सड़क किनारे पड़ी मिट्टी पर चढ़ गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में इनाया ट्रॉली के नीचे दब गई, जबकि उसकी मां भी घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, देर शाम इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।
चालक मौके से फरार: हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, अब स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस चौकी को ट्रैक्टर-ट्रॉली सौंपे जाने की बात कही गई थी, वहां वाहन मौजूद नहीं है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी है। मृत बच्ची के पिता ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने